Sunday 12 June 2016

बिना मन से बनी हुई लौकी की सब्जी

     कई बार हमारा खाना बनाने का मन नहीं होता है फिर भी बनाना पड़ता है। यह हर गृहिणी की मज़बूरी होती है। तो मैं आपको आज बिना मन से लौकी की सब्जी बनाने  का तरीका सिखाती  हूँ। सबसे पहले बिना मन से फ्रिज खोलिए और लौकी निकालिये। बे-मन से छीलिये और काट लीजिए। जिस आकर में लौकी काटी है उसी आकार में दो प्याज़ भी काट लीजिए। टमाटर डालने की जरूरत नहीं है क्यूँकि यहाँ बे मन से सब्जी बनाई जा रही है।
      अब जिस बर्तन में सब्जी बनानी हो उसमे लौकी और प्याज़ डाल दीजिये। नमक,लालमिर्च ,हल्दी और धनिया डाल दीजिये। थोड़ा देशी घी डाल कर अच्छे से मिला कर गैस पर चढ़ा दीजिये। पानी नहीं डालना है बल्कि  हलकी आंच रखते हुए ढक्कन पर पानी डाल कर कुछ देर के लिए छोड़ दें। बीच-बीच में सब्जी को कलछी से उलट -पलट करते रहें। धीमी आंच और ढक्कन पर रखे पानी की भाफ से ही सब्जी पक जाएगी। पक जाने पर थोड़ा सा सूखा पुदीना छिड़क दें। अब देखिये कि बे-मन से बनाई  सब्जी कितनी स्वादिष्ट बनती है।
 
नोट :-- यहाँ आप टिंडे, तुरई , आलू भी बना सकते हो। जो डाइटिंग कर रहे हैं वे घी ना डालें। बिना घी के भी बहुत अच्छी बनती है।